नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल: प्रो0 आभा शर्मा

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राष्ट्रीय

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु महाविद्यालय में विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज महाविद्यालय में नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक आहूत की गई। यह बैठक राष्ट्रव्यापी अभियान को महाविद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नोडल अधिकारी/प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि जनांदोलन के रूप में संचालित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए महाविद्यालय स्तर पर एक वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ा जा सके।
इसके अतिरिक्त छात्राओं एवं महिला कार्मिकों की सहभागिता से वृहद हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, विचार गोष्ठियां एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज में महिलाओं के अधिकारों, समानता एवं सम्मान के प्रति जागरूकता उत्पन्न की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में भी अभियान का व्यापक प्रभाव सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रो० आभा शर्मा ने आगे कहा कि महाविद्यालय की प्रत्येक प्राध्यापक को इस कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभानी होगी तथा समन्वय के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी महिला प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राजनीति शास्त्र विभाग प्रभारी डॉ० बीना जोशी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि जागरूकता गतिविधियों जैसे नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आमजन को सरल और प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सकता है। इस प्रकार की सहभागितापूर्ण गतिविधियां समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर इसकी व्यापकता बढ़ाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त महिला प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर महिला कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने एकमत होकर नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को सफल बनाने एवं इसके उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply