महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ का शंखनाद: वृहद हस्ताक्षर अभियान के साथ हुआ भव्य शुभारंभ
हल्द्वानी, 16 अप्रैल 2026
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा की अध्यक्षता में एक वृहद हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी अभियान को महाविद्यालय परिसर एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ आयोजित किया गया।
हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने प्रथम हस्ताक्षर कर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके पश्चात महाविद्यालय की समस्त महिला प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं भारी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर इस अभियान को अपना समर्थन दिया।
प्रो० आभा शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा इस अभियान को हमें केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसे एक जनांदोलन बनाना है। आज का यह हस्ताक्षर अभियान हमारे सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने आगामी कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, विचार गोष्ठियां एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में महिलाओं के अधिकारों और समानता के प्रति अलख जगाई जाएगी।
राजनीति शास्त्र विभाग प्रभारी डॉ० बीना जोशी ने कहा कि यह अभियान महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान जैसे रचनात्मक कार्यों से आमजन को इस मुहिम से जोड़ना सरल और प्रभावी हो जाता है।
सामूहिक सहभागिता
इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त महिला प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर संकल्प लिया कि वे इस अभियान को घर-घर तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के जोश और भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान आने वाले समय में एक बड़ा सामाजिक परिवर्तन लाने को तैयार है।
