वाराणसी, राजेंद्र तिवारी।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी के कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम में इस वर्ष छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के 16 मेधावियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्टता का परिचय दिया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा और शिक्षकों के साथ अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
विद्यालय की छात्रा वैष्णवी राय ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और विद्यालय में टॉप किया। वहीं मानस सिंह ने 95.0 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि वेदांक वर्मा ने 94.8 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर अपना स्थान सुनिश्चित किया। इसके अलावा आशुतोष गुप्ता ने 94.6 प्रतिशत, आर्यन ने 93.8 प्रतिशत, वंशिका सिंह ने 93.0 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में खुशी पांडेय और शेख अब्दुल समद ने 92.4-92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आदर्श गुप्ता ने 92.0 प्रतिशत, हर्षित राय ने 91.6 प्रतिशत और श्रेयाल ने 91.4 प्रतिशत अंक अर्जित किए। आदित्य सिंह ने 91.2 प्रतिशत, आदित्य आनंद, आयुष कुमार सिंह और ऋषिकेश सिंह ने 90.2-90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं अनुषिका छेत्री ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर मेधावी छात्रों की सूची में अपना स्थान बनाया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कठिन मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका प्रतिफल इस उत्कृष्ट परिणाम के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ अध्ययन जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। विद्यालय परिवार ने सभी मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि ये छात्र आगे चलकर न केवल विद्यालय, बल्कि समाज और देश का भी नाम रोशन करेंगे।
