केवी 39 जीटीसी में तीन दिवसीय संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार वाराणसी

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में 55वीं त्रिदिवसीय संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में कबड्डी,  तीरंदाजी, रस्सीकूद समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए लगभग 200 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों के उत्साह, जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्ति के मानसिक, नैतिक और सामाजिक विकास का भी आधार होते हैं। खेल हमें अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुण सिखाते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही होता है जो हर परिस्थिति में सीखता है और आगे बढ़ता है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करती हैं और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। जब छात्र खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाते हैं, तभी वे एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बन पाते हैं। इस प्रकार के आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

खेल शिक्षक डॉ. मनिंदर सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उद्घाटन मैच अंडर-14 कबड्डी वर्ग में केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी और केंद्रीय विद्यालय बीएलडब्ल्यू नंबर-4 के बीच खेला गया, जिसमें केवी 39 जीटीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में खेल के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। यहां प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। हम खिलाड़ियों को न केवल तकनीकी प्रशिक्षण देते हैं, बल्कि उनमें खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास की आदत भी विकसित करने का प्रयास करते हैं।
रस्सीकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी, केंद्रीय विद्यालय आयर, केंद्रीय विद्यालय आजमगढ़ और केंद्रीय विद्यालय मऊ के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। वहीं, तीरंदाजी प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय बीएचयू के प्रतिभागियों ने अपनी सटीकता और कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी, खेल प्रशिक्षक भरत शुक्ला, निर्णायक मंडल के सदस्य तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply