“पुरस्कार वितरण के साथ गंगा स्वच्छता पखवाड़े का गरिमामय समापन, छात्राओं में जागरूकता का संदेश”
राजकीय महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी की नमामि गंगे इकाई द्वारा आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़े का समापन समारोह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों—स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, हस्ताक्षर अभियान एवं अन्यगतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ0 रितुराज पंत ने पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि छात्राओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं, बल्कि युवा पीढ़ी में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ0 गीता पंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग प्रभारी डॉ0 दिनेश जोशी, डॉ0 फकीर सिंह, डॉ0 रेखा जोशी, डॉ0 प्रभा साह सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
