केवि के छात्रों को मणिपुरी नृत्य ने भारतीय विरासत से जोड़ा

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय वाराणसी

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में स्पिक मैके के तहत मणिपुरी नृत्य का भव्य आयोजन हुआ। कलाकारों ने छात्रों को भारतीय शास्त्रीय कला की गहराई से परिचित कराया और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।
केवि में शनिवार को भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब स्पिक मैक (सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंगस्ट यूथ) के तत्वावधान में मणिपुरी नृत्य का आयोजन किया गया।


प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्राचार्य वर्मा ने कहा कि यह सिर्फ नृत्य का कार्यक्रम नहीं बल्कि सांस्कृतिक उत्सव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को सांस्कृतिक धरोहर से भी जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
प्राचार्य वर्मा ने मणिपुर से आए कलाकारों का स्वागत माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। उनके इस आत्मीय स्वागत ने कलाकारों को भी भावुक कर दिया और मंच पर प्रस्तुतियों में एक विशेष ऊर्जा देखने को मिली। कलाकारों ने मणिपुरी नृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से राधा-कृष्ण की प्रेम लीला, जिसे रासलीला के रूप में जाना जाता है, को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के कला शिक्षक पंकज कुमार शर्मा ने किया।

Leave a Reply