ब्रिगेडियर जगदीप चंदा ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में आयोजित 55वीं त्रिदिवसीय संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हो गई। तीसरे दिन के खेलों का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर जगदीप चंदा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
ब्रिगेडियर जगदीप चंदा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त जरिया है। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ देना ही असली जीत है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का आह्वान किया।
वहीं, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जो उनके भविष्य निर्माण में सहायक होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल शिक्षक डॉ. मनिंदर सिंह ने बताया कि फाइनल मुकाबलों में कबड्डी (अंडर-17) का मैच केवि चेरो सलेमपुर और पीएमश्री केवि 39 जीटीसी के बीच खेला गया, जिसमें केवि चेरो सलेमपुर ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पीएमश्री केवि 39 जीटीसी उपविजेता रही। रस्सीकूद प्रतियोगिता के डबल डच स्पीड (अंडर-14, 17 एवं 19) बालक एवं बालिका वर्ग में पीएमश्री केवि 39 जीटीसी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के अधिकारियों के साथ खेल प्रशिक्षक भरत शुक्ला, पंकज शर्मा एवं अन्य अनुरक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
