इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव

उत्तराखंड लाइव नैनीताल

इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी के प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार बिष्ट एवं डॉ. गणेश सिंह नेगी ने भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु के चिल्लाकेरे कैंपस द्वारा आयोजित 16 दिवसीय एडवांस्ड रिफ्रेशर प्रोग्राम में प्रतिभाग कर महाविद्यालय एवं उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
यह रिफ्रेशर कार्यक्रम भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के टैलेंट डेवलपमेंट सेंटर द्वारा 24 अप्रैल 2026 से 09 मई 2026 तक चिल्लाकेरे कैंपस, खूदापुरा, चित्रदुर्गा (कर्नाटक) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 65 प्राध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान भौतिक विज्ञान विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार बिष्ट को “बेस्ट परफॉर्मर” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक मानी जा रही है।
रिफ्रेशर प्रोग्राम के अंतर्गत प्रतिभागियों को आधुनिक विज्ञान, अनुसंधान पद्धति, नवीन शिक्षण तकनीकों तथा प्रयोगात्मक गतिविधियों से संबंधित उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षण एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना था।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा ने डॉ. विजय कुमार बिष्ट एवं डॉ. गणेश सिंह नेगी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की सहभागिता से शिक्षकों के ज्ञान एवं शोध क्षमता में वृद्धि होती है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ छात्राओं को प्राप्त होता है।
महाविद्यालय परिवार ने भी दोनों प्राध्यापकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply