रस्सीकूद में केवि 39 जीटीसी का दबदबा

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय वाराणसी

केवि में त्रिदिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दम
वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 जी.टी.सी. में आयोजित 55वीं त्रिदिवसीय संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन रस्सीकूद में मेजबान विद्यालय 39 जीटीसी का दबदबा रहा, जबकि कबड्डी में केवि चेरो सलेमपुर ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

Kendriya Vidyalaya 39 GTC dominates in rope skipping.

इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपने विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। खेल शिक्षक डॉ. मनिंदर सिंह ने बताया कि दूसरे दिन कबड्डी अंडर-14 वर्ग के अंतर्गत कुल चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में केवि चोपन ने केवि बीएलडब्ल्यू क्रमांक-4 को हराया। दूसरे मुकाबले में केवि चेरो सलेमपुर ने बीएलडब्ल्यू क्रमांक-4 को पराजित किया। तीसरे मैच में केवि 39 जीटीसी ने केवि चोपन पर जीत दर्ज की, जबकि चौथे मैच में केवि चेरो सलेमपुर विजयी रहा। वहीं रस्सीकूद प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल अंडर-14, 17 एवं 19 बालक/बालिका वर्ग में पीएम श्री केवि 39 जीटीसी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार स्पीड रिले प्रतियोगिता में भी सभी वर्गों में 39 जीटीसी ने पहला स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा कायम रखा। इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक भरत शुक्ला, शिक्षक पंकज शर्मा सहित निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply