गंगा स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में निबंध प्रतियोगिता आयोजित, छात्राओं ने दिए संरक्षण के प्रभावी संदेश

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राष्ट्रीय

 

 

महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत “गंगा स्वच्छता” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से समाज में गंगा की स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं तथा उन्हें सामाजिक दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।
नोडल अधिकारी डॉ0 रितुराज पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को गंगा और उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने गंगा संरक्षण, जल प्रदूषण की समस्या तथा उसके समाधान पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ0 मंजरी चौधरी तथा डॉ0 रुचि रजवार शामिल रहीं। प्रतियोगिता में अंजली रौतेला ने प्रथम स्थान, प्रियंका ने द्वितीय स्थान तथा शिखा यादव एवं खुशी साहू ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ0 गीता पंत ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ0 फकीर सिंह, डॉ0 रेखा जोशी, डॉ0 हिमानी, डॉ0 प्रभा साह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply