पथरी में सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर हमला, चार पर केस

उत्तराखंड लाइव मुख्य समाचार हरिद्वार

हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में एक पंचायत के दौरान हुए विवाद में सहायक समाज कल्याण अधिकारी कमलेश पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पंचायत गांव की एक युवती के विवाह और उससे जुड़े पुलिस सुरक्षा के प्रकरण पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पथरी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम शिवगढ़ निवासी कमलेश पुत्र नरेश वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल जिले के विकासखंड जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह विभागीय अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव शिवगढ़ आए हुए थे। बताया गया है कि गांव में एक पारिवारिक और सामाजिक विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव का ही अभिषेक पुत्र भागमल कुछ समय पहले गांव की एक युवती को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए उच्च न्यायालय नैनीताल से पुलिस सुरक्षा का आदेश भी प्राप्त किया था। इसी प्रकरण पर चर्चा और समाधान के लिए गांव में पंचायत आयोजित की गई थी। पीड़ित की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अंकुश ने सहायक समाज कल्याण अधिकारी कमलेश को पीछे से पकड़ लिया, जबकि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू कमलेश की गर्दन और दाहिने हाथ के कंधे के ऊपरी हिस्से में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि हमलावर वहां से फरार हो गए। घायल अधिकारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply