महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने फहराया ध्वज छात्राओं ने देशभक्ति और स्वच्छता का दिया सशक्त संदेश

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, देशभक्ति और स्वच्छता का दिया गया सशक्त संदेश

हल्द्वानी।
इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी में गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि छात्राएं शिक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने सामाजिक सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के इतिहास में पहली बार महाविद्यालय की 03 छात्राएं एनसीसी कैडेट निकिता एनएसएस स्वयंसेवी दिव्यांशी मिश्रा तथा अपूर्व भट्ट दिल्ली में होने वाले ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन रही है।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक उच्च शिक्षा, उत्तराखंड के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें शिक्षा को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। देशभक्ति गीतों, समूह गान एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना दिया।
इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं एनसीसी की छात्राओं ने एनएसएस वाटिका सहित परिसर के विभिन्न हिस्सों में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। छात्राओं ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।
नमामि गंगे नोडल अधिकारी एवं प्रभारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ० रितुराज पंत ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में सामाजिक चेतना, राष्ट्रप्रेम और सेवा भाव को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे और एनएसएस के माध्यम से छात्राएं पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति निरंतर जागरूक हो रही हैं।
एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ० रेखा जोशी ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व अनुशासन, एकता और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स द्वारा किए गए श्रमदान और अनुशासित सहभागिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे छात्राओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से पधारे अतिथियों, शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply