कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी शोधार्थियों के लिए छात्रवृत्ति की घोषणा; इंदिरा प्रियदर्शिनी महिला कॉलेज हल्द्वानी की निकिता भट्ट का हुआ चयन

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी/नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए प्रतिष्ठित पीएचडी छात्रवृत्ति (PhD Scholarship) हेतु चयनित शोधार्थियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी की शोध छात्रा निकिता भट्ट को इस छात्रवृत्ति के लिए चयनित किया गया है। निकिता, वाणिज्य विभाग के डॉ. रितुराज पंत के निर्देशन में अपना शोध कार्य कर रही हैं।
चयनित शोधार्थी को शासन के नियमानुसार ₹5,000 प्रति माह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर आभा शर्मा ने निकिता भट्ट को बधाई देते हुए कहा निकिता की यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शोध की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सरकार और विश्वविद्यालय की यह पहल सराहनीय है। हमें गर्व है कि हमारे महाविद्यालय की छात्रा ने कड़े मानकों पर खरा उतरते हुए यह स्थान प्राप्त किया है। मैं उनके और उनके मार्गदर्शक डॉ. रितुराज पंत को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ।
वहीं वाणिज्य विभाग के प्रभारी डॉ. दिनेश जोशी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वाणिज्य विभाग के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। डॉ. रितुराज पंत के मार्गदर्शन में निकिता का शोध कार्य निरंतर प्रगति पर है और इस आर्थिक प्रोत्साहन से शोध की गुणवत्ता में और निखार आएगा। विभाग सदैव अपने शोधार्थियों को नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए प्रोत्साहित करता रहा है।
डॉ. रितुराज पंत ने कहा कि उच्च शिक्षा निदेशालय, उत्तराखंड के मानकों एवं मा0 कुलपति महोदय कु. विश्वविद्यालय नैनीताल द्वारा गठित समिति की संस्तुति के उपरांत शोधार्थियों का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी शोधार्थियों ने अभी हाली में आयोजित नेट परीक्षा के लिए निःशुल्क कोचिंग भी दी थी।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के डॉ. फकीर सिंह, डॉ. रेखा जोशी, डॉ. दिनेश चंद्रा, डॉ. मंजरी चौधरी, डॉ. रुचि रजवार सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने शोध छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply