आज दिनांक 21 जून 2025 को महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें योग विभाग, नमामि गंगे इकाई, एनएसएस, एनसीसी, रेंजर, तथा रेड रिबन क्लब सहित महाविद्यालय की विभिन्न समितियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन से हुई, जिससे वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
योग शिविर में योगाचार्य श्रीमती ज्योति चुफाल ने छात्राओं, प्राध्यापकों एवं आगंतुकों को योगाभ्यास करवाया। उन्होंने कहा योग न केवल शरीर को स्वस्थ करता है, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को भी संतुलित करता है। यह जीवन की समग्रता को समझने की भारतीय पद्धति है, जो हमें तनावमुक्त जीवन की ओर ले जाती है। उन्होंने विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों को ध्यान, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, वज्रासन, ताड़ासन आदि सरल किंतु प्रभावी आसनों का अभ्यास करवाते हुए उनके स्वास्थ्यवर्धक लाभों के बारे में बताया।
प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने इस अवसर पर शास्त्रों में वर्णित योग की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा योग भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य अंग है। भगवद्गीता में श्रीकृष्ण ने ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ कहकर योग को जीवन में कर्म की दक्षता से जोड़ा है। हमें इसे केवल शारीरिक व्यायाम न मानकर एक आध्यात्मिक अनुशासन के रूप में आत्मसात करना चाहिए।
नमामि गंगे इकाई के नोडल अधिकारी एवं एनएसएस प्रभारी डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व सप्ताह से ही महाविद्यालय की नमामि गंगे इकाई द्वारा नगर के प्रमुख मंदिरों, मठों एवं आश्रमों में वृहद जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद, उपनिषद, योगसूत्र और पुराणों में वर्णित जीवन के आदर्श नियमों के बारे में बताया गया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी गई।
उन्होंने आगे बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति, अनुशासित जीवनशैली, और प्राकृतिक जीवन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो0 ए0के0 श्रीवास्तव, प्रो0 टी0बी0 सिंह, प्रो0 नरेंद्र कुमार, प्रो0 रश्मि पंत, डॉ0 देवकी गिरी,योग विभाग प्रभारी डॉ0 हिमानी, एनसीसी प्रभारी डॉ0 रेखा जोशी, रेंजर प्रभारी डॉ0 विद्या कुमारी, डॉ0 नीता, डॉ0 शरद, डॉ0 बीना, डॉ0 गीता, डॉ0 तनुजा, डॉ0 हेमलता, डॉ0 चंद्र प्रकाश, डॉ0 दिनेश जोशी, डॉ0 स्वाति, डॉ0 नेहा, डॉ0 फकीर सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
