बिहार को विकसित भारत का मजबूत इंजन बनाएंगे : मोदी

आरा गया छपरा दानापुर पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर मुख्य समाचार सासाराम

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सीवान में कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार बिहार को विकसित भारत का मजबूत इंजन बनाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराम आंबेडकर का अपमान बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा। राजद और कांग्रेस बाबा साहेब की तस्वीर को पैरों में रखती है, जबकि मोदी बाबा साहेब आंबेडकर को अपने दिल में रखता है। बाबा साहेब का अपमान करके ये लोग खुद को बाबा साहेब से भी बड़ा दिखाना चाहते हैं। इन लोगों के मन में दलित, महादलित, पिछड़े, अति पिछड़े के प्रति कोई सम्मान नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सीवान जिले के जसौली में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने 5900 करोड़ की 28 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही बिहार को दो नई ट्रेनों की सौगात भी दी।
प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति की गति को लगातार बढ़ाते रहना है। इसी समय बिहार में जंगलराज लाने वाले मौका देख रहे हैं कि किसी भी तरह फिर से अपने पुराने कारनामे करने का मौका मिले। बिहार के आर्थिक संसाधनों पर कब्जा करें, इसके लिए वो तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इसलिए मेरे बिहार के प्यारे भाइयों-बहनों, आपको अपने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्‍य के लिए बहुत ही सतर्क रहना है। समृद्ध बिहार की यात्रा पर ब्रेक लगाने के लिए तैयार बैठे लोगों को कोसों दूर रखना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे पक्का विश्वास है बिहार, मेक इन इंडिया का एक बड़ा केंद्र बनेगा। यहां का मखाना, फल-सब्जियां तो बाहर जाएंगी ही, बिहार के कारखानों में बनने वाला सामान भी दुनिया के बाजारों तक पहुंचेगा। बिहार के मढ़ौरा में बना इंजन, अफ्रीका की रेल चलाएगा। ये बहुत बड़े गर्व की बात है। बिहार की तेज प्रगति के लिए जो लॉन्चिंग पैड चाहिए, वो नीतीश कुमार के प्रयासों से तैयार हो चुका है। अब एनडीए को मिलकर, बिहार को तरक्की की नई बुलंदी देनी है। मुझे बिहार के नौजवानों पर भरोसा है। हम सभी मिलकर बिहार का प्राचीन गौरव फिर लौटाएंगे, बिहार को विकसित भारत का मजबूत इंजन बनाएंगे। मोदी ने कहा कि जैसा आप सब जानते हैं, मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वो भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं और निश्चित तौर पर इसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में भी बड़ी भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply