नोएडा में डंपर की टक्कर से बिहार के जीजा-साले की मौत

उत्तरप्रदेश लाइव नोएडा मुख्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रोजा पुलिस चौकी के समीप बेकाबू डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार जीजा-साले की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी।
बिसरख कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मूलरूप से मधुबनी बिहार की रहने वाली महिला साधना अपने परिवार के साथ ग्रेनो वेस्ट की महालक्ष्मी एन्क्लेव कॉलोनी में रहती है। साधना ने पुलिस को बताया कि उसका पति प्रदीप और भाई कार्तिक ग्रेनो वेस्ट में निर्माणाधीन साइट पर काम करते थे। दोनों बुधवार की शाम काम कर स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रोजा पुलिस चौकी के समीप उनकी स्कूटी में बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी और भाग गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। महिला ने अब इस घटना की शिकायत बिसरख थाना पुलिस से की है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply