बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाश ढेर

उत्तरप्रदेश लाइव बरेली मुख्य समाचार लखनऊ

 

लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाशों को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद में मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बदमाशों से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल भी बरामद हुई। दोनों गोल्डी बरार और गोदारा गैंग के सदस्य थे। बदमशों की पहचान रोहतक के कहनी निवासी रविंद्र और सोनीपत के गोहना रोड निवासी अरुण के रूप में हुई।
एडिशनल एसपी एसटीएफ राजकुमार मिश्र ने बताया, 12 सितंबर तड़के करीब 3:45 बजे बरेली में बाइक सवार बदमाशों ने फिल्म अभिनेत्री के घर पर कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई। घटना के बाद से यूपी पुलिस और एसटीएफ की टीमें बदमाशों को तलाश रही थीं। बुधवार शाम को इनपुट मिला कि दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में गाजियाबाद में दाखिल हुए हैं। इसके बाद नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी।
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थानाक्षेत्र में बदमाशों का टीमों से सामना हो गया। बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रविंद्र के कई घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। अरुण का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने के बाद गोल्डी बराड़ गैंग के रोहित गोदारा ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया और उसका स्क्रीनशॉट लेकर पोस्ट व अकाउंट डिलीट कर दिया ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। यही स्क्रीनशॉट दिल्ली के मीडिया को शेयर किया गया। बताया जा रहा है कि मीडिया से सोशल मीडिया का स्क्रीनशॉट शेयर करने के कुछ समय बाद रोहित गोदारा ने दिल्ली की मीडिया से एक ऑडियो भी शेयर किया। इसमें भी स्क्रीनशॉट वाली बातें दोहराते हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई थी। व्हाट्सएप पर यह ऑडियो पुर्तगाल के मोबाइल नंबर से भेजी गई थी। पुलिस ने इस नंबर की जांच शुरू कराई तो वह भी बंद हो गया। पता चला कि ऑडियो भेजने के लिए पुर्तगाल के इंटरनेट जनरेटेड नंबर का इस्तेमाल किया गया था। गैंग के शूटर्स ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपने तय पैटर्न के मुताबिक वारदात के बाद सीधे रास्ते का इस्तेमाल नहीं किया। चौपुला सिविल लाइंस स्थित दिशा पाटनी के घर फायरिंग के बाद बदमाश नैनीताल रोड से होकर भागे और भोजीपुरा टोल प्लाजा के आगे से गायब हो गए। मंगलवार को उनकी अंतिम लोकेशन रुद्रपुर में मिली, जिसके बाद बुधवार शाम को गाजियाबाद में उनका एनकाउंटर हुआ। वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक की नंबर प्लेट पर पेंट लगाया गया ताकि पहचान न हो सके। इस बाइक पर शूटर देवरनिया और शीशगढ़ जैसे देहात इलाके में घूमते रहे। मगर पुलिस ने इसी पेंट के आधार पर शूटर्स की बाइक की पहचान कर ली और उसके पीछे लग गए। परिणामस्वरूप गाजियाबाद में यह एनकाउंटर हुआ।

Leave a Reply