नई दिल्ली, देव कुमार। एयर इंडिया एक्सप्रेस के दिल्ली से जम्मू जा रहे विमान को तकनीकी दिक्कत के चलते सोमवार को बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा जबकि तकनीकी दिक्कत के कारण जयपुर से दुबई की उड़ान को रद्द कर दिया गया। रविवार को भी दिल्ली से तिरुवनंतपुरम पहुंचे एयर इंडिया के विमान से पक्षी टकराने के चलते वापसी उड़ान को रद्द कर दिया गया।
फ्लाइट रडार के अनुसार एयरबस ए 320 को सुबह 10.40 बजे दिल्ली से जम्मू के लिए उड़ान भरनी थी लेकिन विमान ने सुबह 11.04 बजे उड़ान भरी। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दिल्ली से जम्मू जा रहे विमान में कुछ तकनीकी दिक्कत की वजह उसे बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। हालांकि एयर लाइन ने तकनीकी दिक्कत के संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी। प्रवक्ता ने विमान के लौटने ही तत्काल दूसरे विमान की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही।एक अन्य मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई जाने वाली उड़ान को तकनीकी दिक्कत के बाद सोमवार को रद्द कर दिया गया। हवाई अड्डा अधिकारी ने कहा कि विमान को सुबह 6.35 बजे उड़ान भरनी थी और वह रनवे पर था। तभी पायलट को तकनीकी दिक्कत का पता चला जिसके बाद विमान को उड़ने से रोक दिया गया। विमान को रनवे से वापस ले जाकर उसकी जांच की गई और उसके बाद उड़ान को रद्द कर दिया गया। वहीं रविवार को भी एयर इंडिया के दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जा रहे विमान से पक्षी टकरा जाने के बाद कंपनी को विमान की दिल्ली के लिए वापसी उड़ान रद्द करनी पड़ी। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के लिए प्रस्तावित उड़ान संख्या एआई 2455 को रद्द करने के लिए खेद है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से तिरुवनंतपुरम पहुंची उड़ान संख्या एआई 2454 की सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान से किसी पक्षी के टकराने की बात सामने आई। विमान की जांच के चलते उसकी वापसी उड़ान को रद्द कर दिया गया।
