गायक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर असम पहुंचा, दी श्रद्धांजलि

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली, नीलू सिंह।
असम की राजधानी गुवाहाटी में रविवार की सुबह लाखों लोग प्रख्यात गायक-संगीतकार जुबीन गर्ग को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े। उनके निवास और अर्जुन भोगेश्वर बरुआ खेल परिसर में प्रशंसकों की भीड़ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को गुवाहाटी के समीप होगा।
जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर नई दिल्ली से चार्टर्ड विमान द्वारा गुवाहाटी लाया गया, जो रविवार सुबह करीब 6:45 बजे गुवाहाटी हवाईअड्डे पर पहुंचा। हवाईअड्डे से शहर तक सड़कों पर हजारों लोग अपने प्रिय कलाकार के अंतिम दर्शन के लिए एकत्र हुए। फूलों से सजे वाहन में उनके पार्थिव शरीर को ले जाया गया।शनिवार रात से ही गुवाहाटी के काहिलीपारा क्षेत्र में जुबीन के निवास के बाहर प्रशंसक जमा थे, जो उनके गीत गाते और उनकी स्मृति में प्रार्थना करते नजर आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए असम सरकार ने काहिलीपारा और खेल परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। गायक 19 सितंबर को सिंगापुर के लाजरस द्वीप पर तैरते समय डूब गए थे। वह 52 वर्ष के थे और पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में भाग लेने गए थे। असम सरकार ने जुबीन गर्ग के निधन के बाद 20 से 22 सितंबर तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सभी आधिकारिक और मनोरंजन संबंधी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, ज्यादा से ज्यादा लोग हमारे प्यारे जुबीन को आखिरी बार देखना चाहते हैं और हम उनकी भावनाओं को समझते हैं। इसलिए, भोगेश्वर बरुआ स्टेडियम सोमवार तक जनता के लिए खुला रहेगा ताकि वे जुबीन को श्रद्धांजलि दे सकें। प्रिय जुबीन को एक शानदार विदाई दी जाएगी, जो असम के सबसे बड़े सांस्कृतिक प्रतीकों में से एक के रूप में उनकी विरासत को सार्थक करेगी। रविवार सुबह से ही हजारों शोक संतप्त प्रशंसक कार्यक्रम स्थल पर जमा हो गए थे, जबकि सैकड़ों लोग शनिवार रात से ही स्टेडियम के बाहर डेरा डाले रहे। प्रशंसकों ने अपने प्रिय गायक के कटआउट लिए हुए रात भर उनके लोकप्रिय गीत गाए और एक-दूसरे के दुख में शामिल हुए। दोपहर में गर्मी के कारण कई लोग बेहोश हो गए और बीमार पड़ गए। गायक के पार्थिव शरीर को खेल परिसर के अंदर एक पंडाल में रखा गया है। भारी बारिश की स्थिति में स्टेडियम परिसर के भीतर एक वैकल्पिक स्थान तैयार किया गया है। असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर रविवार सुबह गुवाहाटी हवाईअड्डे पर उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग को सौंपा गया। यहां गरिमा ने पुष्पांजलि अर्पित की और ताबूत पर पारंपरिक असमिया ‘गमोसा’ रखा। वह ताबूत देखकर भावुक हो गईं और ताबूत से लिपटकर रोने लगीं। परिजनों ने उन्हें संभाला और पार्थिव शरीर एंबुलेंस में रखकर काहिलीपाड़ा स्थित उनके घर ले जाया गया। गरिमा अपने पति के पार्थिव शरीर के साथ एंबुलेंस में बैठकर पैतृक आवास पहुंचीं।

 

Leave a Reply