राजा हत्याकांड : मेघालय पुलिस ने सोनम के सहयोगी प्रॉपर्टी डीलर सहित दो को किया दबोचा

दिल्ली लाइव राजधानी राष्ट्रीय

नई दिल्ली, देव कुमार। राजा हत्याकांड में मेघालय पुलिस के विशेष जांच दल ने सोनम के सहयोगी दो लोगों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
ताजा गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या 7 हो गई है। पूर्वी खासी हिल के पुलिस अधीक्षक विवेक सियम ने बताया कि गिरफ्तार प्रॉपर्टी डीलर जेम्स ने इंदौर की हीरा बाग कॉलोनी में एक बिल्डिंग लीज पर ले रखी है। इसी बिल्डिंग के फ्लैट में सोनम हत्या के बाद छिपकर रही थी और उसने वहीं पर घटना के बाद आभूषण व अन्य सामान एक बक्से में रखा था। जेम्स पर उस बक्से को छिपाने का आरोप है। इसी बक्से में हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य होने की बात कही जा रही है। जेम्स पुलिस टीम को उस स्थान पर लेकर गया जहां उसने बक्से के सामान को जलाया था। विशेष जांच दल में शामिल एक पुलिसकर्मी ने बताया कि सोनम के प्रेमी का एक हथियार भी उस बॉक्स में आभूषण व लैपटाप के साथ रखा गया था। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पड़ताल की है। पुलिस के अनुसार सोनम हत्या के बाद जिस फ्लैट में छिपी थी, वह फ्लैट जेम्स ने ही एक आरोपी विशाल चौहान को 17 हजार रुपये के मासिक किराए पर उपलब्ध कराया था।
सियम ने बताया कि उसके बाद पुलिस ने बल्ला अहिरवार नाम के एक सिक्योरिटी गार्ड को अशोक नगर जिले में उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया। वह सोनम के बिल्डिंग में रहने के दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात था। उन्होंने बताया कि दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। हनीमून पर मेघालय गए रघुवंशी 23 मई को गायब हो गए थे, जिनका 2 जून को शव बरामद किया गया था। इस मामले में रघुवंशी की पत्नी सोनम व उसके प्रेमी सहित हत्या के पांच आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में मेघालय की जेल में बंद हैं।

Leave a Reply