पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया: मोदी

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली, नीलू सिंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों-बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था। हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ करके आतंकी ठिकानों को उजाड़ दिया है। मोदी ने कहा, हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। अभी कल ही देश और दुनिया ने देखा है, फिर एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रो कर अपना हाल बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये नया भारत है, ये किसी की परमाणु धमकियों से डरता नहीं। ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है। वहीं स्वदेशी वस्तुओं की पुरजोर वकालत करते हुए मोदी ने कहा, यह त्योहारों का मौसम है और हमें स्वदेशी के मंत्र को याद रखना चाहिए। इसे अपने जीवन में शामिल करना चाहिए।
मोदी ने ये बातें मध्यप्रदेश के धार जिले में अपने 75वें जन्मदिन पर देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास के मौके पर कही। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं की पुरजोर वकालत करते हुए देशवासियों से देश में ही बने सामान खरीदने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने अपने जन्मदिन के अवसर पर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ तथा आठवें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान की शुरुआत भी। उन्होंने कहा कि इनका मकसद है कि एक भी महिला, जानकारी या संसाधनों के अभाव में बीमारी का शिकार न हो। उन्होंने कहा कि आज के ही दिन 15 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं को एक क्लिक से सहायता भेजी गई। उन्होंने कहा कि 450 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में जमा की गई। प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को 75 वर्ष के हो गए। उनके जन्मदिन पर मध्यप्रदेश का यह उनका दूसरा दौरा है। प्रधानमंत्री ने 17 सितंबर, 2022 को नामीबिया से लाए गए जंगली चीतों को राज्य के श्योपुर जिले के कुनो राष्ट्रीय उद्यान के एक बाड़े में छोड़ा था। इन चीतों को प्रोजेक्ट चीता के तहत भारत लाया गया था।
भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी पीएम मित्र पार्क के शिलान्यास और अन्य अभियानों की शुरुआत के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा, विश्वकर्मा जयंती के दिन आज एक बड़ी औद्योगिक शुरुआत होने जा रही है। देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास यहां हुआ है। इस पार्क से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा, इस टेक्सटाइल पार्क से हमारे युवकों, युवतियों को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। अधिकारियों के मुताबिक लगभग 2,158 एकड़ के भूभाग में विकसित होने वाला यह पीएम मित्र पार्क विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसका सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के कपास उत्पादकों को मिलेगा क्योंकि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरी 140 करोड़ देशवासियों से करबद्ध प्रार्थना है। आप जो भी खरीदें, वह हमारे देश में ही बना होना चाहिए। आप जो भी खरीदें, उसमें पसीना किसी न किसी हिंदुस्तानी का होना चाहिए। आप जो भी खरीदें, उसमें मेरे हिंदुस्तान की मिट्टी की महक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे देश का पैसा देश में ही रहता है और यही पैसा विकास के काम आता है। मोदी ने कहा कि 22 सितंबर से नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी की कम दरें लागू हो रही है और देशवासियों को स्वदेशी चीजें खरीदकर उसका लाभ लेना चाहिए। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। उन्होंने कहा कि यह तब होगा जब देश में बनी चीजों पर हम गर्व करेंगे। उन्होंने इस दौरान लोगों से ‘गर्व से कहो, यह स्वदेशी है’ के नारे भी लगवाए।

Leave a Reply