गंगा संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत संचालित “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” कार्यक्रम के तहत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने की।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है। गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण तथा गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का विकास होता है।
इस अवसर पर नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. रितुराज पंत ने कहा कि गंगा स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जब छात्राएं अपने विचारों और भावनाओं को चित्रों के माध्यम से व्यक्त करती हैं, तो समाज में पर्यावरण संरक्षण और गंगा की स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचता है।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने गंगा की स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसे विषयों पर सुंदर एवं प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में निशा आर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्योति मेवाड़ी द्वितीय स्थान पर रहीं। ऋषिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गीता पंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. फकीर सिंह, डॉ. रेखा जोशी, डॉ. हिमानी तथा डॉ. प्रभा साह सहित अन्य शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply