हल्द्वानी, गौरव जोशी। इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की 10 स्वयंसेवक छात्राएँ 2 से 7 अक्टूबर 2025 तक पानीपत (हरियाणा) में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय युवा भ्रातृत्व शिविर (International Youth Fraternity Camp – IYFC) 2025 में सक्रिय रूप से भाग लेंगी।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रभारी एनएसएस डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि यह शिविर नेशनल यूथ प्रोजेक्ट (NYP) तथा इसकी सहयोगी इकाइयों के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। शिविर का आयोजन गांधी ग्लोबल फैमिली एवं निर्मला देशपांडे संस्थान द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य महात्मा गांधी, विनोबा भावे, दिदी निर्मला देशपांडे और भाई डॉ. एस. एन. सुब्बाराव के आदर्शों को आत्मसात करते हुए युवाओं में एकता, शांति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना है।
शिविर में श्रद्धांजलि एवं संवाद, अहिंसा, नेतृत्व और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएँ, विशेष रूप से शहीद भगत सिंह और महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष होंगी। सांस्कृतिक संगम में लोकनृत्य, लोकगीत, संगीतमय संध्याएँ और प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय विविधता और शांति की आकांक्षा को प्रस्तुत किया जाएगा।
सेवा इन एक्शन के अंतर्गत सामुदायिक सेवा परियोजनाएँ, पर्यावरणीय प्रयास और वृद्धाश्रम भ्रमण जैसे कार्यकरवाए जाएंगे और
विजनिंग वर्कशॉप्स में जलवायु परिवर्तन, डिजिटल विभाजन और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर सहयोगात्मक सत्र। आयोजित किया जाएगा।
शिविर में अलग अलग देशों से लगभग 300 से 400 युवा प्रतिनिधि भारत और अन्य देशों से भाग लेंगे। महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेवक छात्राओं को भी इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार, सेवा और नेतृत्व को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने कहा कि हमारी एनएसएस स्वयंसेवक छात्राओं की यह भागीदारी महाविद्यालय और राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह शिविर छात्राओं को न केवल नेतृत्व और सेवा का अनुभव देगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर शांति एवं भाईचारे के मूल्यों को सीखने और साझा करने का अवसर भी प्रदान करेगा।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रभारी एनएसएस डॉ. रितुराज पंत ने कहा कि महाविद्यालय की एनएसएस इकाई की यह सहभागिता ‘युवा शक्ति’ को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में योगदान बढ़ाने का अवसर है। छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी भूमिका निभाने और महात्मा गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने का यह सुनहरा अवसर मिलेगा। पिछले वर्ष भी छात्राओं ने महाराष्ट्र में आयोजित हुए ग्लोबल यूथ फेस्टिवल 2024 में भागीदारी की थी।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता पंत ने कहा कि यह शिविर छात्राओं को सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक अनुभवों से भी जोड़ेगा, जिससे उनका सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास होगा।
महाविद्यालय की ओर से चयनित स्वयंसेवी में अंजली, रश्मि भट्ट, गीतांजलि, अपूर्वा भट्ट, पूजा भट्ट, उमा जोशी, अंजली दुर्गापाल, प्रियंका बुघलकोटी, अंजली बोहरा और कविता परगाई प्रतिभाग करेंगी। यह पहल छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति और एकता के संवाहक बनने की दिशा में प्रेरित करेगी।
