बिहार चुनाव : जदयू की पहली सूची जारी, 18 विधायक फिर से मैदान में

आरा गया छपरा दानापुर पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर मुख्य समाचार सासाराम

पटना, राजेंद्र तिवारी। जदयू ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पहले चरण में जदयू 57 सीटों पर लड़ेगा। पार्टी ने 28 स्थानों पर अपने उम्मीदवार बदल दिये है। जबकि, 29 सीटों पर पुराने उम्मीदवारों को ही उतारा गया है। पहली सूची में छह मंत्रियों और चार महिलाओं को टिकट दिया गया है। वहीं, चार विधायकों को भी बेटिकट कर दिया है। जबकि, 2020 में चुनाव जीते अपने 18 विधायकों को फिर से टिकट दिया गया है। लोजपा से आए विधायक राजकुमार सिंह को मटिहानी और राजद से हाल में आए अनंत सिंह को मोकामा से टिकट मिला है। अभी मोकामा से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी विधायक हैं। वे पिछले दिनों जदयू में शामिल हुई हैं। पार्टी ने बरबीघा विधायक सुर्दशन कुमार, वारिसनगर के अशोक कुमार, कुशेश्वरस्थान के अमन भूषण हजारी और सकरा विधायक अशोक कुमार चौधरी का टिकट काट दिया है। इनकी जगह पार्टी ने नये चेहरे को मौका दिया है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को पार्टी ने फिर अवसर दिया है। वे पिछला छह चुनाव जीत चुके हैं। जबकि, हरनौत से हरिनारायण सिंह को टिकट मिला है। वे रिकार्ड 10 वीं बार मैदान में उतरेंगे। इसी तरह नालंदा से श्रवण कुमार 8 वीं बार मैदान में आएंगे। सरायरंजन से विजय चौधरी, नालंदा से श्रवण कुमार, बहादुरपुर से मदन सहनी, सोनबरसा से रत्नेश सादा, भोरे से सुनील कुमार, कल्याणपुर से महेश्वर हजारी को मौका दिया गया है। पार्टी ने विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव को आलमनगर से फिर टिकट दिया है। पूर्व मंत्री श्याम रजक को फुलवारी से उतारा गया है। जदयू ने भाजपा से बरौली की सीटिंग सीट ली है और वहां से पूर्व विधायक मंजीत सिंह को टिकट दिया है। यहां से रामप्रवेश राय विधायक हैं। इस्लामपुर से पूर्व विधायक राजीव रंजन के पुत्र रूहेल रंजन, गायघाट से विधान पार्षद दिनेश सिंह व सांसद वीणा देवी की पुत्री कोमल सिंह और मीनापुर से पूर्व विधायक दिनेश कुशवाहा के पुत्र अजय सहनी को उम्मीदवार बनाया गया है। पिछली बार फुलवारीशरीफ से चुनाव लड़े अरुण मांझी को मसौढ़ी से टिकट दिया गया है। बताते चलें कि जदयू ने 18 विधायकों को फिर से टिकट दिया है। इनमें विधानसभा उपाध्यक्ष और मंत्रियों के अलावा बिहारीगंज से निरंजन कुमार मेहता, महिषी से गंजेश्वर साहा, कुचायकोट से अमरेंद्र कुमार पांडे, हथुआ से रामसेवक सिंह, वैशाली से सिद्धार्थ पटेल, मटिहानी से राजकुमार सिंह, अस्थावां से जितेन्द्र कुमार, राजगीर से कौशल किशोर, हिलसा से कृष्ण मुरारी शरण, हरनौत से हरिनारायण सिंह, राजपुर से संतोष कुमार निराला शामिल हैं।

 

Leave a Reply