अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कर सकते हैं हमला : ईरान

एनसीआर दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

वाशिंगटन। ईरान ने रविवार को मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने की चेतावनी दी। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सलाहकार अली अकबर वेलयाती ने कहा कि अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई कर सकते हैं।
एक संदेश में उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र या अन्यत्र कोई भी देश, जिसका उपयोग अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर हमला करने के लिए किया जाता है, उसपर हम हमला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इस्लामी दुनिया के हृदय पर हमला किया है और उसे अपूरणीय परिणामों की प्रतीक्षा करनी चाहिए। वहीं ईरान ने कहा कि रविवार को इजरायली सेना द्वारा दो सैन्य ठिकानों पर हमला किए जाने के बाद उसके नौ सुरक्षाबल सहित कई सैन्य अधिकारी मारे गए। ईरान के यज्द शहर में इजराइली सेना के 30 लड़ाकू विमानों ने दर्जनों ठिकानों पर हमला किया। तस्नीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, इजरायली सेना ने यज्द क्षेत्र में मौजूद मिसाइल कमांड सेंटर समेत कई ठिकानों पर हमला किया। इसी जगह पर लंबी दूरी की खोर्रमशहर मिसाइलें मौजूद थीं। ईरान की सेना ने कहा कि पश्चिमी ईरान में इजरायली हमले में ब्रिगेड प्रमुख, तीन अधिकारी और दो सैनिक मारे गए।
उधर, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को ईरान के खिलाफ अमेरिकी हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई की आशंका जताई है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक में महासचिव ने कहा कि मैंने मध्य पूर्व में किसी भी सैन्य संघर्ष की बार-बार निंदा की है। क्षेत्र के लोग विनाश के एक और चक्र को बर्दाश्त नहीं कर सकते।

Leave a Reply