डलास। अमेरिका के डलास शहर में मामूली विवाद के बाद भारतीय मूल के चंद्रमौली नागमल्लैया की बेरहमी से हत्या के बाद सिर काट दिया गया। आरोपी ने उनकी पत्नी-बच्चे के सामने ही घटना को अंजाम दिया।
हत्यारे ने चंद्रमौली के कटे सिर को लात मारकर सड़क पर गिरा दिया और बाद में कूड़ेदान में फेंक दिया। घटना 10 सितंबर की है, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना सैमुएल बुलेवार्ड स्थित डाउनटाउन सुइट्स मोटल में हुई, जहां नागमल्लैया अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले थे और परिवार के साथ अमेरिका में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी योरडानिस कोबोस-मार्टिनेज उसी मोटल में काम करता था। नागमल्लैया ने आरोपी और उसकी महिला सहयोगी से खराब वॉशिंग मशीन का उपयोग न करने के लिए कहा था। इसी बात से आरोपी नाराज हो गया।
इसके बाद हत्यारा कमरे से बाहर निकला और नागमल्लैया के बाहर आते ही उसने जेब से धारदार हथियार निकाला और उनपर हमला कर दिया। बचने के लिए वह दौड़कर मोटल ऑफिस तक गए, लेकिन हत्यारे ने उसका पीछा किया और लगातार वार करता रहा। चंद्रमौली की पत्नी और बेटे ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनको भी डराया और धक्का देकर पीछे कर दिया। जब चंद्रमौली बदहवास होकर नीचे गिर गए तो आरोपी ने उनपर लगातार वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। नागमल्लैया की मौत के बाद भी आरोपी इतने गुस्से में था कि उसने उनका सिर बेरहमी से धड़ से अलग किया और उसे लात मारकर सड़क पर धकेल दिया। जब सिर पार्किंग में जा गिरा तो उसने उसे उठाया और कूड़ेदान में फेंक दिया। इस घटना का वीभत्स नजारा वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिक की बेरहमी से हत्या पर दुख जताया और कहा कि हम मामले पर कड़ी नजर रख रहे हैं। हम पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव मदद कर रहे हैं। दोस्तों और परिवार के बीच बॉब के नाम से मशहूर नागमल्लैया को उनके प्रियजनों ने श्रद्धांजलि दी। उनके मित्रों ने कहा कि यह अकल्पनीय त्रासदी है और बेहद दर्दनाक घटना है। नागमल्लैया के मित्र, परिवार और स्थानीय भारतीय पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। अपराधी के दोषी पाये जाने पर बिना पैरोल के उम्रकैद या मौत की सजा सुनायी जा सकती है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कोबोस-मार्टिनेज क्यूबा का नागरिक हैं और पहले भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा में कार चोरी के मामले में वह दो बार गिरफ्तार हो चुका है। ह्यूस्टन में एक बच्चे के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप में भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि हत्यारे को 13 जनवरी तक एंसन के ब्लूबोनेट डिटेंशन सेंटर में रखा गया था, अधिकारियों ने बताया कि क्यूबा निर्वासित करने के लिए उड़ानों की कमी के कारण कोबोस को इस वर्ष की शुरुआत में निगरानी में रहने की शर्त के साथ रिहा कर दिया गया था।
