देशभर में इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। इंडिगो की उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही है। बीते 24 घंटे में 100 से अधिक उड़ानों को रद्द किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट से अकेले इंडिगो के 40 विमानों को रद्द किया गया। इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि तकनीकी गड़बड़ी, सर्दी के कारण शेड्यूल में बदलाव, मौसम संबंधी दिक्कतें, एयर ट्रैफिक सिस्टम पर बढ़ते दबाव और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) लागू होने के कारण उड़ान सेवा प्रभावित हुई है।
इंडिगो की विमान सेवाएं रद्द होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, चंडीगढ़, हैदराबाद और कोलकाता समेत अन्य हवाई अड्डों से जुड़े फ्लाइट सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है, जिससे इन एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ लग गई। कई हवाई अड्डों पर यात्रियों ने अचानक से उड़ान सेवा रद्द होने या अनावश्यक देरी को लेकर हंगामा किया। वहीं सूत्रों का दावा है कि उड़ान सेवा प्रभावित होने के पीछे मुख्य वजह चालक दल की कमी को बताया जा रहा है। चालक दल की कमी के चलते कई उड़ानें हवाई अड्डों पर देरी से पहुंची या देरी से उड़ान भरी। इतनी ही नहीं, लगातार बड़ी संख्या में उड़ानों को रद्द किया जा रहा है। एफडीटीएल से जुड़े नियमों के दूसरे चरण के कार्यान्वयन के बाद से इंडिगो को चालक दल की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा, जिसके कारण हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द हो रही हैं, जिससे परिचालन में देरी हो रही है। इंडिगो की उड़ान सेवा मंगलवार से प्रभावित होनी शुरू हुई थी लेकिन बुधवार होने की स्थिति काफी खराब हो गई। बिना किसी सूचना के उड़ानों को रदद किया गया। इससे एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं, बड़ी संख्या में विमानों के उड़ान भरने में देरी हुई, जिसके चलते यात्रियों को घंटों तक हवाई अड्डों पर बैठकर इंतजार करना पड़ा। इंडिगो के पास 416 विमानों का बड़ा बेड़ा है। इसमें से 366 विमानों का इस्तेमाल हो रहा जबकि 50 ग्राउंडेड हैं। कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर की करीब 2300 उड़ानों का संचालन करती है। इसमें से अधिकतर विमान सेवाएं रात के समय हैं। विमानों के रद्द होने का असर कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिला। कंपनी का शेयर बुधवार को 1.73 फीसदी टूटकर 5599 रुपये पर पहुंच गया। एक दिन में कंपनी के शेयर में करीब 98.50 रुपये की गिरावट देखी गई। अब गुरुवार को शेयर के उतार चढ़ाव पर नजर रहेगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस मामले को लेकर सतर्क हो गया है। इंडिगो विमानों के रद्द होने और देरी के मामले की जांच में जुट गया है। डीजीसीए ऐसे कदम उठाने की तैयारी कर रहा जिससे विमानों के रद्द होने की समस्या को खत्म किया जा सके।

Leave a Reply