लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी के घर पर शुक्रवार तड़के गोल्डी बराड़ गैंग के बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने सुबह करीब साढ़े तीन बजे उनके सिविल लाइंस स्थित आवास के मुख्य दरवाजे और दीवार पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। सुरक्षा के मद्देनजर उनके घर पर पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। दिशा पाटनी की बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी ने 29 जुलाई को संत प्रेमानंद और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर महिला को लेकर की गई बयानबाजी के संबंध में टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में उसने पोस्ट डिलीट कर दी और मामला शांत हो गया। इसी बीच शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सिविल लाइंस स्थित उनके घर पर फायरिंग कर दी गई। बाइक से पहुंचे दो हमलावरों ने घर के दरवाजे और दीवार पर चार-पांच राउंड फायरिंग की। इससे पूरा परिवार दहशत में आ गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो जांच शुरू कर दी गई। कुख्यात अपराधी गोल्डी बराड़ गैंग के सदस्य रोहित गोदारा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। उसने फेसबुक पर लिखा है कि यह हमला दिशा पाटनी की बहन और आर्मी अधिकारी रही मेजर खुशबू पाटनी द्वारा संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य को लेकर की गई टिप्पणी का बदला है। पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि भविष्य में किसी ने भी धर्म या संतों के खिलाफ टिप्पणी की तो अंजाम भुगतने को तैयार रहे। हालांकि, रोहित गोदारा ने यह पोस्ट कुछ देर बाद सोशल मीडिया से डिलीट कर दी, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट नोएडा में मीडिया को साझा किया गया। घटना जानकारी में आते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी से बात कर पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उनके घर पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखकर बदमाशों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
