महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे के अंतर्गत “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” का शुभारंभ, छात्राओं ने ली गंगा स्वच्छता की शपथ, वृहद हस्ताक्षर अभियान आयोजित
हल्द्वानी।
दिनांक 16 मार्च 2026 को महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” का शुभारंभ उत्साह और जागरूकता के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने की। इस अवसर पर छात्राओं, प्राध्यापकों तथा कर्मचारियों को गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गंगा स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा एक वृहद हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नमामि गंगे के उद्देश्यों और गंगा स्वच्छता पखवाड़े की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने सभी उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को गंगा की स्वच्छता और संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे बल्कि समाज में भी जल संरक्षण और नदी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।
इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में वृहद हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखने के संकल्प के साथ अपने हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गंगा की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार है। गंगा ने सदियों से भारतीय सभ्यता को पोषित किया है और करोड़ों लोगों के जीवन से जुड़ी हुई है। इसलिए इसकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। छात्राएं यदि जागरूक होकर अपने परिवार और समाज में स्वच्छता तथा जल संरक्षण का संदेश देंगी तो निश्चित रूप से गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
नोडल अधिकारी नमामि गंगे डॉ० रितुराज पंत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत 16 मार्च से 31 मार्च तक “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस अवधि में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, स्वच्छता अभियानों और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे अभियान का उद्देश्य केवल गंगा की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सतत विकास के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना भी है।
डॉ० पंत ने कहा कि महाविद्यालय की छात्राएं इस अभियान की सशक्त सहभागी बन सकती हैं और अपने आसपास के लोगों को भी गंगा संरक्षण के लिए प्रेरित कर सकती हैं। उन्होंने सभी छात्राओं से अपील की कि वे “स्वच्छ गंगा–स्वस्थ जीवन” के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ० गीता पंत द्वारा किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम की गतिविधियों का सुव्यवस्थित संचालन करते हुए नमामि गंगे अभियान के महत्व को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ० फकीर सिंह, डॉ० रेखा जोशी, डॉ० हिमानी, डॉ० प्रभा साह सहित अन्य प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा छात्राएं उपस्थित रहीं ।
