हल्द्वानी, गौरव जोशी। उत्तराखंड के डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक एवं वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह के बरेली स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार सुबह छापा मारा। इंटरनेशनल सिटी स्थित उनके बंद मकान का ताला तोड़कर टीम ने जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम ने वहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि जांच में क्या मिला, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह पांच गाड़ियों से 14 सदस्यीय टीम इंटरनेशनल सिटी स्थित पीसीएस अधिकारी डीपी सिंह के निवास पर पहुंची। साथ में कुछ पुलिसकर्मी भी थे। ईडी की टीम ने छापे के दौरान घर के भीतर लॉकर आदि को तोड़कर दस्तावेज खंगाले। मालूम हो कि डीपी सिंह की पत्नी अलका सिंह पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बिथरी चैनपुर सीट से चुनाव लड़ी थीं। इससे पहले वह भाजपा में भी सक्रिय थीं लेकिन टिकट न मिलने पर कांग्रेस में शामिल हो गईं। इनकी बेटी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हैं। इंटरनेशनल सिटी के लोगों ने बताया कि जिस मकान पर छापेमारी की गई है, वह पिछले करीब एक साल से बंद था। वहां परिवार का कोई सदस्य नहीं रह रहा था। ईडी की यह कार्रवाई राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय एनएच-74 के भूमि अधिग्रहण घोटाले से जुड़ी है, जिसमें दिनेश प्रताप सिंह मुख्य आरोपी हैं।
