उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री धामी ने मांगी अतिरिक्त हेली एंबुलेंस

उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री धामी ने मांगी अतिरिक्त हेली एंबुलेंस

उत्तराखंड लाइव देहरादून नैनीताल राष्ट्रीय हरिद्वार

देहरादून, गौरव जोशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जरूरी सुविधाएं व बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि एम्स ऋषिकेश की ओर से संचालित की जा रही एयर एम्बुलेंस सेवा का विस्तार किया जाए और राज्य के पर्वतीय व दुर्गम क्षेत्रों में आपात कालीन सेवाओं के लिए एक अतिरिक्त हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आपात हेली सेवा के संचालन से आपात स्थिति में दुर्गम स्थलों से बीमार व घायलों को आसानी से अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलती है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज को इस साल अनुमति देने के साथ ही टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए भी जल्द जरूरी स्वीकृतियां देने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना के साथ ही उसके संचालन के लिए तत्काल सहायता का भी अनुरोध किया। उन्होने कहा कि इससे न केवल स्थानीय आबादी को लाभ मिलेगा बल्कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्री और पर्यटक भी इससे लाभान्वित होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस दौरान मुख्यमंत्री धामी को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात के दौरान केंद्र सरकार से आयुष्मान योजना के तहत बजट बढ़ाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से कहा कि आयुष्मान योजना के तहत राज्य को अभी प्रति परिवार एसईसीसी के तहत 1052 रुपए मिलते हैं जिसे बढ़ाकर 1500 रुपए किया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा में एम्स के विशेषज्ञों और पीजी डॉक्टरों की तैनाती के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार भी जताया।

 

Leave a Reply