ओलंपिक में सिंधु को कांस्य, रचा इतिहास

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

टोक्यो।

ओलंपिक के एकल बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पीवी सिंधु ने नया इतिहास रच दिया है। लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाली वह भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। सिंधु ने यह सफलता चीनी खिलाड़ी बिंग जियाओ को लगातार दो सेटों में हराकर अपने नाम किया है। सिंधु की इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभकामनाएं दी हैं।
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने टोक्यो में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। सिंधु ने पहले गेम में चीनी खिलाड़ी बिंग जियाओ को 21-13 से हराया। इसके बाद दूसरे गेम में दोनों की बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन सिंधु ने लक्ष्य को साधते हुए यह गेम भी 21-15 से जीत कर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। कांस्य पदक जीतने के साथ ही सिंधु दो ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं हैं। 2016 में रियो ओलंपिक में सिंधु ने रजत पदक अपने नाम किया था। 53 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधु शुरू से ही चीनी खिलाड़ी पर हावी रहीं। गौरतलब है कि सिंधु को पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चाइनीज ताइपे की खिलाड़ी ताई जू यिंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। सिंधु की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा है कि मातृशक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शटलर पीवी सिंधु ने टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीतकर वैश्विक क्षितिज पर मां भारती को गौरवभूषित किया है।

Leave a Reply