बरेली, टीएलआई। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता, रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी के बरेली स्थित आवास पर 11 सितंबर को गोलीबारी करने वाले गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गिरोह के दो शूटरों को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पकड़ा था।
पुलिस ने शुक्रवार को शाही थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू और अनिल को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान रामनिवास के पैर में गोली लगी थी। शनिवार को शाही पुलिस ने दोनों को जेल भेजा था। दोनों बदमाश गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हैं इसलिए जेल में उन्हें हाई सिक्योरिटी में रखा गया है ताकि वहां दोस्ती कर वे यहां अपना नेटवर्क न खड़ा कर सकें। बरेली पुलिस सोमवार को दिल्ली कोर्ट में इनकी कस्टडी रिमांड के लिए याचिका दायर करेगी। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद करने और घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए पूछताछ करेगी।11 सितंबर की सुबह 4:15 बजे और 12 सितंबर की तड़के 3:33 बजे गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गैंग के चार शूटरों ने अलग-अलग बाइकों से बरेली के चौपुला सिविल लाइंस में दिशा पाटनी के पैतृक घर पर फायरिंग की थी। 12 सितंबर की घटना के शूटर अरुण और रविंद्र 17 सितंबर को गाजियाबाद में मुठभेड़ में मारे गए। वहीं, 11 सितंबर की गोलीबारी करने वाले दोनों शूटर, जो नाबालिग बताए जा रहे हैं, शुक्रवार को दिल्ली में गिरफ्तार हुए। बरेली पुलिस इनसे पूछताछ के लिए सोमवार को रिमांड की मांग करेगी। रिमांड मिलने पर पुलिस घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद करेगी, जो एक शूटर के पिता के नाम पर पंजीकृत है। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग प्रकरण में पुलिस की ओर से कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। दो आरोपी मुठभेड़ में ढेर हुए हैं और चार गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं, जिनमें से एक मुठभेड़ में घायल हुआ है। दिल्ली से दोनों नाबालिग शूटर्स का रिमांड लेने के बाद पुलिस इस मामले में विवेचना पूरी कर चार्जशीट लगाने की दिशा में कार्य करेगी और फिर तत्काल गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना में शामिल सभी शूटर्स पर कार्रवाई के बाद भी अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी के चौपुला सिविल लाइंस स्थित घर पर पुलिस की सुरक्षा बनी रहेगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की सशस्त्र गारद वहां 24 घंटे निगरानी करेगी और अगले आदेश तक दोनों गनर भी परिवार के साथ मौजूद रहेंगे।
