हल्द्वानी। इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की 6 स्वयंसेविकाएं युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रही हैं। यह प्रशिक्षण 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), गदरपुर, ऊधमसिंहनगर में आयोजित किया जा रहा है।महाविद्यालय से चयनित स्वयंसेविकाओं में रिशिका (बीएससी पंचम सेमेस्टर), अनुष्का भट्ट (बीसीएच तृतीय सेमेस्टर), हर्षिता आर्य (बीए तृतीय सेमेस्टर), तनुश्री पांडेय (बीसीएच तृतीय सेमेस्टर), सिमरन डंडरियाल (बीएससी पंचम सेमेस्टर) एवं नेहा टकुली (बीसीएच तृतीय सेमेस्टर) शामिल हैं। यह प्रशिक्षण 27 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और आपदा के समय सेवा भाव विकसित होता है। यह गर्व का विषय है कि महाविद्यालय की स्वयंसेविकाएं राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी भूमिका निभाने के लिए आगे बढ़ रही हैं।
एनएसएस प्रभारी डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत यह प्रशिक्षण स्वयंसेविकाओं को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी सहयोग के लिए सक्षम बनाएगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय निरंतर छात्राओं को सेवा, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 गीता पंत ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से स्वयंसेविकाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करती हैं। यह अनुभव भविष्य में समाज सेवा के कार्यों में उनके लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित स्वयंसेविकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल प्रशिक्षण की कामना की।
