हल्द्वानी, गौरव जोशी। वन दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा की स्कूटी बेकाबू होकर खाई में गिर गई। जिसमें छात्रा की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई और एक साथी घायल हो गए। हादसा रविवार दोपहर करीब दो बजे बहुली के पास हुआ। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय संजय बोरा पुत्र मदन सिंह बोरा निवासी जिमखोला गरुड़, उसकी चचेरी बहन 20 वर्षीय लता बोरा पुत्री चंदन बोरा और 20 वर्षीय काजल पुत्री देवनाथ निवासी बिनखोला सुबह स्कूटी से गरुड़ से बागेश्वर आए थे। वन दरोगा भर्ती की परीक्षा देकर तीनों दोपहर दो बजे गरुड़ जा रहे थे। बहुली के पास स्कूटी बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और आसपास के लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने लता को मृत घोषित कर दिया। डॉ. गुंजन ने बताया कि दो घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा।
