स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में रंगोली प्रतियोगिता का सफल आयोजन
हल्द्वानी, गौरव जोशी। इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी में “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” के अंतर्गत आज रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी सृजनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता का संदेश रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का वातावरण उत्साहपूर्ण और रचनात्मकता से परिपूर्ण रहा।
प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, यह हमारे जीवन का संस्कार है। स्वच्छ परिसर, स्वच्छ नदी और स्वच्छ भारत तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी माने। आज की युवा पीढ़ी अगर इस अभियान में सक्रिय होगी तो आने वाले कल का भारत न केवल स्वच्छ होगा बल्कि स्वस्थ और सशक्त भी बनेगा। छात्राओं की यह रंगोलियाँ हमारे उज्जवल भविष्य की तस्वीर हैं।”
नोडल अधिकारी नमामि गंगे एवं प्रभारी एनएसएस डॉ. रितुराज पंत ने कहा कि “गंगा की पवित्रता और पर्यावरण की सुरक्षा हमारे जीवन का आधार है। स्वच्छता का यह संदेश केवल एक दिन या पखवाड़े तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा बने। जब प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर, मोहल्ले और समाज में स्वच्छता का दीपक जलाएगा, तभी राष्ट्रव्यापी परिवर्तन संभव होगा। आप सभी छात्राएँ इस परिवर्तन की प्रेरणादूत हैं।”
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल की सदस्याएँ डॉ. हिमानी एवं डॉ. विद्या कुमारी ने किया। परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान: बी.ए. पंचम सेमेस्टर की प्रियंका
द्वितीय स्थान: बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की ईशा मेहरा
तृतीय स्थान: बी.कॉम ऑनर्स तृतीय सेमेस्टर की अनुष्का भट्ट
सांत्वना पुरस्कार: बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की शिप्रा एवं बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की करीना
इस अवसर पर डॉ. गीता पंत, डॉ. फकीर सिंह, डॉ. रेखा जोशी सहित अनेक प्राध्यापक एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
