लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ गठबंधन होने पर दावा किया कि अबकी यूपी में 400 सीट जीतकर सरकार बनाएंगे। दिल्ली और लखनऊ में बैठकर गिनती कर रहे भाजपाइयों का होश उड़ गया है। कहा, सूबे में नौ मेडिकल कॉलेजों का प्रधानमंत्री और योगी ने केवल उद्घाटन किया है, लेकिन अंदर से यह खोखला है। इन मेडिकल कॉलेजों में कोई इंतजाम नहीं है, यह गरीबों के साथ धोखा है। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भागीदारी संकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को 2022 का सीएम बताया। उन्होंने भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

हलधरपुर के ढोलवन मैदान पर आयोजित सुभासपा के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुलाई गई महापंचायत में भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ गठबंधन का ऐलान होते ही मैदान में उपस्थित भीड़ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सिर्फ सपने दिखाने का काम करती है। षड्यंत्र और झूठ बोलना इनकी आदत है, लेकिन अब इनकी कोई साजिश नहीं चलेगी। उन्होंने भाजपा के प्रदेश व केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि कोरोना काल में इन सरकारों ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया और कोई इंतजाम नहीं किया। गैर प्रांत से आए लोगों की कोई मदद नहीं की गई। जब इन सरकारों को सबसे अधिक मदद करनी थी तो वह बंगाल में वोट मांगने का काम करते रहे। इससे गरीबों की काफी जानें गईं। उत्तर प्रदेश के हालात देखते ही देखते काफी खराब हो गए हैं। जो धुओं में हमेशा बने रहते हैं, उनकी प्रदेश की अन्य जनता से क्या लेना देना है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कहा कि चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में चलेगा इसका सपना दिखाया गया था, लेकिन अब ऐसे लोग हवाई जहाज में कैसे चलेंगे, जिन्हें बढ़ते पेट्रोल के दाम से अपनी गाड़ियां खड़ीं करनी पड़ रही हैं। प्रदेश में लोगों को भरपेट खाना नहीं मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में पिछले चुनाव में सुभासपा नेता ओमप्रकाश राजभर ने ही भाजपा के लिए केंद्र व राज्य दोनों ही जगह बहुमत का दरवाजा खोला था। उन्होंने ही इसे बंद कर दिया है। यही नहीं, हम समाजवादियों ने इस दरवाजे पर ताला लगा दिया है। बुधवार दिन में तीन बजे हेलीकॉप्टर से आजमगढ़ पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत की। सपा मुखिया ने कहा कि मऊ की रैली में उमड़ी भीड़ ने बता दिया कि आने वाले चुनाव में यूपी से भाजपा का सफाया होने वाला है। बलिया से लखनऊ तक वह साफ हो जाएगी। मऊ की रैली से गदगद अखिलेश यादव ने पुलिस लाइंस में कहा कि जनसमर्थन व जनता की उत्साहित भीड़ बताती है कि यूपी में बदलाव होने वाला है। यहां खुशहाली आने वाली है। हमने बसपा समेत अन्य दलों से गठबंधन किए। यह बदलाव और खुशहाली का गठबंधन है। पूर्वांचल की जनता सब समझती है।