Who will wear Bihar’s crown? The decision comes today

किसके सिर सजेगा बिहार का ताज, फैसला आज

आरा गया छपरा दानापुर पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर राज्य समाचार सासाराम

पटना, राजेंद्र तिवारी। बिहार की जनता ने ऐतिहासिक मतदान किया। रिकार्ड वोटिंग कर अपना जनादेश दे दिया है, बस फैसला आना बाकी है। शुक्रवार को तय हो जाएगा कि बिहार में किसके सिर ताज सजेगा।
बिहार में किसका राजतिलक होगा यह शुक्रवार को आने वाला जनादेश तय करेगा । 39 दिनों के सत्ता संग्राम में दो बड़े गठबंधनों एनडीए और ‘इंडिया’ ने पूरी ताकत झोंकी। जनसुराज ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। बड़ी संख्या में निर्दलीय (926) और बागियों ने भी दमखम लगाया। वार, प्रहार और पलटवार में भाषा की मर्यादा भी टूटी। तीखे प्रहार सत्ता संग्राम के हथियार बने। मौसम ने भी अलग-अलग तेवर दिखाए। कभी सुहाना, कभी बारिश तो कभी तीखी धूप। पर, इसकी परवाह किये बगैर राजनेताओं ने बाजी अपने पक्ष में करने के लिए दिन-रात एक कर दिया। बिहार के मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के महापर्व को सलामी दी। आजादी के बाद सबसे अधिक मतदान का कीर्तिमान रचा (67.14 फीसदी)। महिलाएं दो कदम आगे निकल गईं। उन्होंने पुरुषों से 8.82 फीसदी अधिक मतदान किया। लम्बी कतारों ने बिहार में महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की। उत्साह और बुलंदी के साथ मतदान करने निकली महिलाओं ने इसबार कुछ छुपाया नहीं। किस मुद्दे पर वह वोट कर रही हैं, यह भी खुलकर बताया। बहरहाल, अत्यधिक मतदान ने जहां उम्मीद जताई है, वहीं दिल की धड़कनें भी बढ़ाई हैं। एनडीए, ‘इंडिया’ और जनसुराज, सभी के नेताओं ने हर क्षेत्र से फीडबैक लेकर आश्वस्त होना चाहा। खैर, जनादेश 2025 क्या है, यह आज पता चलेगा। बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारी पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को 2616 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। बैलेट पेपर की गिनती 8 बजे से शुरू होगी। जबकि, 8.30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती प्रारंभ होगी। अगले दो घंटे यानी 10.30 बजे से मतगणना के रुझान एवं परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। सबसे पहले बरबीघा सीट का रुझान व परिणाम सामने आएगा। वहां सबसे कम 275 बूथों पर ही मतदान हुआ है। इनके अतिरिक्त हायाघाट, गया टाउन, गौरा बौराम एवं कल्याणपुर सीटों के रुझान व परिणाम आ सकते हैं। वहीं, सबसे देर से हिसुआ का रुझान एवं परिणाम आएगा। वहां सर्वाधिक 485 बूथों के वोटों की गिनती होगी। मतगणना के लिए विधानसभावार हरेक हॉल में ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। इसके लिए 14-14 टेबुल लगाए जाएंगे। 24-30 राउंड में वोटों की गिनती होगी। वहीं, हरेक हॉल में 500 बैलेट पेपर पर एक टेबुल लगाया जाएगा। राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती के लिए कुल 46 मतगणना केंद्र बनाए गए है। वहीं, पूरे राज्य में करीब 19 हजार मतगणना कर्मियों को मतगणना कार्य में लगाया गया है। इस चुनाव में 7,45,26,858 मतदाताओं में 1951 से अबतक का सबसे अधिक 67.13 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतगणना को लेकर राज्य भर में 4,372 मतगणना टेबुलों पर वोटों की गिनती होगी। वोटों की गिनती के लिए सभी सीटों पर 243 निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी, मतगणना प्रेक्षक एवं उम्मीदवार या उनके मतगणना एजेंट तैनात रहेंगे। वहीं, हरेक टेबुल पर मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक, माइक्रो- प्रेक्षक की तैनाती की गई है। राज्य भर में उम्मीदवारों द्वारा करीब 19 हजार मतगणना कर्मियों को तैनात किया गया है जो मतगणना प्रक्रिया को देखेंगे। सभी 46 मतगणना केंद्रों में संचालित मतगणना का निगरानी राज्यस्तरीय नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। इसके लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में जिलों से लगातार फोन एवं फैक्स के माध्यम से अद्यतन रिपोर्ट प्राप्त किया जाएगा। इस कंट्रोल रूम में करीब 65 कर्मियों की तैनाती की गई है। गुरुवार को मतगणना कार्य से जुड़े कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और राष्ट्रीय मास्टर ट्रेनर अशोक प्रियदर्शी ने उन्हें प्रशिक्षण दिया। सुबह सात बजे से सभी कर्मियों की तैनाती कंट्रोल रूम में होगी जो मतगणना कार्य संपन्न होने तक वहां तैनात रहेंगे। मतगणना कार्य की निगरानी के लिए अधिकारियों को तीन से चार जिलों की जिम्मेवारी सौंपी गई है। बिहार के सीईओ विनोद सिंह गुंजियाल ने इस संबंध में सभी कर्मियों को चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा प्रतिवेदन कोषांग, मीडिया कोषांग, ई-मेल/ फैक्स कोषांग का गठन किया गया है। किसी भी मतगणना केंद्र में कहीं कोई समस्या आने पर तत्काल समाधान राज्यस्तरीय कंट्रोल रूम से की जाएगी।

Leave a Reply