हरियाणा और जम्मू कश्मीर में ताज किसको, फैसला आज

राष्ट्रीय

नई दिल्ली। हरियाणा और जम्मू कश्मीर में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती मंगलवार को होगी। दोनों ही राज्यों में मतगणना की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
हरियाणा में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में बने रहने का भरोसा है वहीं कांग्रेस को उम्मीद है कि वह 10 साल बाद सत्ता में आएगी। हालांकि एग्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत का अनुमान लगाया गया है। वहीं जम्मू कश्मीर में मामला त्रिशंकु होने का अनुमान है। यहां अधिकांश सीटों पर कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधी टक्कर के बजाय बहुकोणीय मुकाबला है। कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन,पीडीपी और भाजपा पर सभी की निगाहें हैं। चुनाव परिणाम को लेकर राजनीतिक दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी का दावा है कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आराम से बहुमत मिलने का भरोसा जताया है। आईएनएलडी-बीएसपी गठबंधन ने भी दावा किया है कि नतीजे घोषित होने के बाद वे अगली सरकार बनाएंगे, जबकि जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि उनको गठबंधन को अच्छी संख्या में सीटें मिलेंगी। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी कह चुके हैं कि हरियाणा में आप के समर्थन के बिना सरकार नहीं बन सकती। भाजपा प्रमुख रविंदर रैना ने कहा कि उनकी पार्टी 35 सीटें हासिल करके क्षेत्र में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी और समान विचारधारा वाले और स्वतंत्र उम्मीदवारों की मदद से सरकार बनाएगी। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पार्टी सरकार बनाने के लिए महबूबा मुफ्ती का समर्थन लेने के विचार के लिए तैयार है। सांसद शेख अब्दुल राशिद उर्फ ​​इंजीनियर ने कहा कि कल चाहे किसी को भी बहुमत मिले, मेरा इंडिया ब्लॉक, पीडीपी और अन्य क्षेत्रीय दलों से विनम्र अनुरोध है कि उन्हें राज्य के दर्जे के लिए एकजुट होना चाहिए। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि मतगणना स्थलों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं जम्मू कश्मीर में भी सभी 20 मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर में पहली बार चुनाव हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *