पटना, राजेंद्र तिवारी।
महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने के बाद राजद ने तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए ने जो काम 20 साल में नहीं किया, हम उसे 20 माह में पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि अब एनडीए के लोग बताएं कि वहां सीएम का चेहरा कौन है? उन्होंने दावा किया कि भाजपा जदयू को खत्म कर देगी।
एक होटल में गुरुवार को साझा प्रेसवार्ता में तेजस्वी ने वादा किया कि हर परिवार से कम से कम एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देंगे। अपराध और भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं करेंगे। मेरी परछाई भी अपराध में लिप्त होगी तो सजा दिलाएंगे। हरेक परिवार को 500 रुपये में रसोई गैस उपलब्ध होगी। जीविका दीदी समन्वयकों को स्थायी कर प्रति माह 30 हजार रुपये देंगे। सभी संविदाकर्मियों की नौकरी स्थायी करेंगे। सभी जीविका दीदी को दो हजार रुपये प्रति माह भत्ता देंगे। माई-बहिन मान योजना लागू करेंगे। वृद्धावस्था पेंशन राशि 1500 रुपये प्रति माह होगी। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री बनूंगा तो राज्य के सभी परिवार से सरकारी नौकरी कर रहे लोग सरकार चलाएंगे। कृषि अधाारित उद्योग लगेंगे। उन्होंने एनडीए सरकार को नकलची बताते हुए कहा कि हमने 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन की बात कही तो एनडीए सरकार ने 1100 रुपये प्रतिमाह कर दिया। युवा आयोग बना दिया। माई बहिन योजना की बात की तो महिलाओं के खाते में पैसे भेजने लगे। आरोप लगाया कि बिहार में अपराध बढ़े हैं। 20 साल में 70 हजार लोगों की हत्या हुई हैं। एनडीए सरकार में जनप्रतिनिधियों की कोई पूछ नहीं है। विभाग मंत्री नहीं सचिव चला रहे हैं। पेपरलीक की घटना लगातार हो रही है। सृजन घोटाला, बालिका गृह कांड में दोषियों को सजा नहीं मिली। कहा, जाति गणना कराकर हमने आरक्षण का दायरा बढ़वाया, लेकिन आरक्षण विरोधी भाजपा ने इसे रुकवा दिया। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में जो चुनाव हमारे सामने है, उसके दो संदर्भ हैं। जब कोरोना काल में चुनाव हुआ तो एनडीए सरकार को लग रहा था कि राज्य में विपक्ष ही नहीं है। आज भी गरीबों के पास राज्य में न तो मकान है, न ही उनके बच्चों के लिए अच्छे स्कूल हैं। अब बिहार में बदलाव की गहरी आकांक्षा है, उसको पूरा करने के लिए यह चुनाव है। पिछली बार पांच पार्टी का गठबंधन था, इस बार पूरे देश में इंडिया गठबंधन है, सात पार्टी का गठबंधन है। महागठबंधन पूरी एकता के साथ काम करेगा। भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने सभी को विश्वास दिलाते हुए कहा कि महागठबंधन एक है। एक आवाज है, बिहार में बदलाव की लहर है, बिहार में 243 में 200 सीटों पर महागठबंधन की जीत होगी। वहीं, माकपा के राज्य सचिव ललन चौधरी ने कहा कि बिहार करवट बदल रहा है। महागठबंधन ने यहां संयुक्त लड़ाई खड़ी कर दी है। बिहार बदलेगा, इसकी दिशा बदलेगी। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि पिछली बार भाजपा ने हमारी पार्टी के विधायकों को तोड़ कर मल्लाह के बेटा को सड़क पर ला दिया था। इसके बाद हमने गंगा जल लेकर शपथ ली कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सभी सभी घटक दल पूरी मजबूती और एकता के साथ चुनाव मैदान में हैं। राज्य में महागठबंधन की सरकार बनेगी। राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि बिहार में दो शक्तियों के बीच लड़ाई है। एक शक्ति अमन शांति और भाईचारा पर कुठाराघात कर रही है। वहीं दूसरी शक्ति अमन शांति और भाईचारा को बरकरार रखते हुए संविधान की रक्षा करने वाली है। बिहार की जनता एनडीए को हरा कर महागठबंधन को जीत दिलाएगी। बिहार से संविधान की हिफाजत का संदेश जाएगा।
