नई दिल्ली, नीलू सिंह। तृणमूल कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। ममता बनर्जी की सरकार घुसपैठियों की मददगार है। विकास और सुशासन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए महाजंगलराज को समाप्त करना जरूरी है। हुगली के सिंगूर में ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यह बातें कहीं।
हुगली के सिंगूर में प्रधानमंत्री ने 830 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान एक रैली में प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सीमा पर बाड़ लगाने सहित महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों पर केंद्र के साथ सहयोग करने में विफल रही है। मोदी ने कहा, पिछले कई वर्षों से केंद्र सरकार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन की मांग करते हुए ममता सरकार को पत्र लिख रही है, लेकिन राज्य सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे अवैध प्रवासियों की पहचान करके उन्हें उनके देशों में वापस भेजना होगा। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल में घुसपैठियों को बसाने में मदद करने वाले समूहों का समर्थन करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार राज्य से अवैध प्रवासियों को बाहर करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार होनी चाहिए, क्योंकि इससे विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिलनेवाला आपका वोट बंगाल से घुसपैठियों को बाहर निकालने में मदद करेगा। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस का ‘सिंडिकेट राज’ बेखौफ चल रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार इसे खत्म करेगी। उद्योग और निवेश बंगाल में तभी आएंगे जब कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधरेगी। मोदी ने कहा कि लोगों को भाजपा को वोट देना चाहिए, ताकि संदेशखाली में भूमि हड़पने और दुष्कर्म की घटनाएं दोबारा न हों और भ्रष्टाचार के कारण शिक्षकों को अपनी नौकरी न गंवानी पड़े। मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत का विकास सरकार के एक विकसित भारत के दृष्टिकोण का केंद्रबिंदु है। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल को पिछले 24 घंटे में लगभग आधा दर्जन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलीं। संभवत: 100 सालों में राज्य को सिर्फ 24 घंटों में इतनी ट्रेनें नहीं मिली होंगी। उन्होंने बुनियादी ढांचे पर आधारित विकास के महत्व का उल्लेख किया और कहा, ये वो आधार हैं, जिन पर पश्चिम बंगाल विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स के केंद्र के तौर पर उभर सकता है। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
