महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर में विविध गतिविधियों का आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट एवं प्रतियोगिताओं में दिखाई सक्रिय भागीदारी

उत्तराखंड लाइव नैनीताल

आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी में नमामि गंगे के अंतर्गत सामुदायिक स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विविध जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गंगा संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति चेतना विकसित करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विषयानुसार प्रोजेक्ट तैयार किए तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट्स में गंगा स्वच्छता, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, जनजागरूकता संदेश, निबंध, भाषण एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विषय की गहरी समझ ने कार्यक्रम को सार्थक बनाया।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. रितुराज पंत ने बताया कि नमामि गंगे केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट होता है कि युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण को लेकर सजग है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में व्यवहारिक समझ विकसित करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य होरी लाल गंगवार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। नमामि गंगे के माध्यम से आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों को राष्ट्रहित और प्रकृति संरक्षण से जोड़ती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक सहभागिता से ही जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होता है।
प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। गंगा का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को संवेदनशील बनाते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने नमामि गंगे से जुड़ी गतिविधियों को शिक्षा के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रोजेक्ट में अन्नू शर्मा ने प्रथम स्थान कनिका ने द्वितीय स्थान तथा भावेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, निबंध प्रतियोगिता में मयंक गुप्ता ने प्रथम स्थान, गोपाल ने द्वितीय तथा शिवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, भाषण प्रतियोगिता में यश बोहरा ने प्रथम स्थान, मयंक बिष्ट ने द्वितीय तथा रोहित श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा चित्रकला प्रतियोगिता में नितिन सक्सेना ने प्रथम स्थान, ऋषभ आर्य ने द्वितीय स्थान तथा वंश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य अनुज गंगवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विभिन्न शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के संकल्प के साथ किया।

Leave a Reply