लंदन। ब्रिटेन में प्रतिबंधित संगठन फलस्तीन एक्शन समूह के समर्थन में शनिवार को ब्रिटेन की संसद के बाहर हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने समूह के समर्थन में नारेबाजी की और झंडे भी लहराए।
पुलिस के उप सहायक आयुक्त क्लेयर स्मार्ट ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से हाथापाई की, थूका और तोड़फोड़ की। जिससे करीब 70 लाख पाउंड (1 करोड़ डॉलर) का नुकसान हुआ। ब्रिटेन की सरकार ने फलस्तीन एक्शन समूह को आतंकवादी संगठन घोषित किया है और इसी के विरोध में प्रदर्शनकारी संसद के बाद इकठ्ठा हुए थे।
विरोध प्रदर्शन का आयोजन करने वाले समूह डिफेंड अवर ज्यूरीज ने कहा कि लंदन में प्रदर्शन में 1,500 लोग शामिल हुए और उन्होंने मैं नरसंहार का विरोध करता हूं, मैं फलस्तीनी कार्रवाई का समर्थन करता हूं जैसे नारे लिखे हुए पोस्टर लिए हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।
मौके पर पुलिस ने 425 लोगों को गिरफ्तार किया, इनमें 25 से ज्यादा को अधिकारियों पर हमला करने या सार्वजनिक व्यवस्था के उल्लंघन के लिए और बाकी को आतंकवाद अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
शनिवार के प्रदर्शन से पहले ही 800 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनमें से 138 पर एक प्रतिबंधित संगठन का समर्थन करने या उसे बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया था।
