Unrest continues in Bangladesh, Indian visa centers closed

बांग्लादेश में बवाल जारी, भारतीय वीजा केंद्र बंद

अंतरराष्ट्रीय

ढाका। भारत ने रविवार को बांग्लादेश के चटगांव स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दीं। यह कदम प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बढ़े तनाव के मद्देनजर उठाया गया है।
भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) ने एक बयान में कहा कि चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग में हाल में हुई घटना के कारण आईवीएसी में सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। चटगांव में भारतीय वीजा संबंधी सभी सेवाएं 21 दिसंबर से अगले आदेश तक बंद रहेंगी। साथ ही कहा गया कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद वीजा आवेदन केंद्र को फिर से खोलने के संबंध में आगे की घोषणा की जाएगी। बांग्लादेश के सिलहट में भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वीजा आवेदन केंद्र पर शनिवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। बांग्लादेश में कुल पांच आईवीएसी केंद्र हैं ढाका, खुलना, राजशाही, चटगांव और सिलहट। एक आईवीएसी अधिकारी ने बताया कि रविवार तक अन्य चार कार्यालय कार्यरत थे। भारत ने गुरुवार को ढाका स्थित अपने वीजा आवेदन केंद्र में सेवाएं फिर से शुरू की थीं, जिसे एक दिन पहले बढ़ी सुरक्षा चिंताओं के चलते बंद किया गया था। हालांकि, राजशाही और खुलना स्थित दो अन्य समान केंद्रों को थोड़े समय के लिए बंद करना पड़ा था, क्योंकि भारत-विरोधी प्रदर्शनकारियों ने वहां भारतीय मिशनों की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। 20 दिसंबर को बांग्लादेश के सिलहट में भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वीजा आवेदन केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। ‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार के अनुसार सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (मीडिया) सैफुल इस्लाम ने कहा कि सुरक्षा के कड़े उपाय इसलिए किए गए हैं, ताकि कोई तीसरा पक्ष स्थिति का फायदा न उठा सके। गौरतलब है कि पिछले साल छात्रों के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के प्रमुख नेता रहे हादी 12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों के लिए उम्मीदवार थे। इन विरोध प्रदर्शनों के कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपदस्थ हो गई थीं। नकाबपोश बंदूकधारियों ने 12 दिसंबर को ढाका के विजयनगर क्षेत्र में इंकलाब मंच के प्रवक्ता हादी के सिर में उस समय गोली मार दी थी, जब वह चुनाव प्रचार कर रहे थे। बाद में सिंगापुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत के बाद बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इसी दौरान चटगांव में सहायक भारतीय उच्चायुक्त के आवास पर गुरुवार को पथराव की घटना भी हुई।

Leave a Reply