जल महोत्सव पखवाड़े के अंतर्गत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में “स्वच्छता संकल्प रन” आयोजित, युवाओं ने लिया गंगा संरक्षण का संकल्प
हल्द्वानी, 8 मार्च 2026।
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, नमामि गंगे के निर्देशों के क्रम में जल महोत्सव पखवाड़े के अंतर्गत आज दिनांक 8 मार्च 2026 को महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे इकाई द्वारा “स्वच्छता संकल्प रन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने गंगा और अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था और जीवनधारा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गंगा और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में महिलाओं की भागीदारी पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। जब महिलाएं आगे बढ़कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश देती हैं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन तेजी से आता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की अग्रदूत बनें। एनएसएस प्रभारी एवं नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि जल महोत्सव पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य गंगा और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता संकल्प रन जैसे कार्यक्रम युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं और इससे समाज में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है।
आमजन की भागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से ट्राई क्लब, अंतरशक्ति योगा स्टूडियो एवं निर्वाण अस्पताल द्वारा कार्यक्रम में विशेष सहयोग दिया गया। रन महाविद्यालय परिसर से नैनीताल रोड अवस्थित बृजलाल हॉस्पिटल से वॉक वे मॉल और फिर वापस महाविद्यालय परिसर पहुंची।क्लब के दीपक दानी ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। ऐसे आयोजन युवाओं में ऊर्जा और जागरूकता दोनों का संचार करते हैं और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाते हैं।
क्लब के संजय रावत ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। यदि हम अपने जल स्रोतों और पर्यावरण को स्वच्छ रखेंगे तो समाज स्वस्थ और सुरक्षित रहेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने में सहयोग करें।
अंतरशक्ति योग संस्थान के अध्यक्ष सूरज रावत ने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। यदि शरीर और पर्यावरण दोनों स्वच्छ रहें तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
निर्वाण अस्पताल की निदेशक रश्मि पंत ने कहा कि स्वच्छ जल और स्वच्छ पर्यावरण मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे कार्यक्रम लोगों को नशा मुक्ति के साथ ही स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वच्छता संकल्प रन में स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन ने अपना विशेष सहयोग दिया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुम्बा, योगा और नृत्य के साथ ही प्रतिभागियों ने महाविद्यालय परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्रियांशु कुमार, द्वितीय स्थान मोहित, तथा तृतीय स्थान अर्जुन बोरा एवं बिदांशु ने प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान पायल, द्वितीय स्थान निकिता, तथा तृतीय स्थान रेखा एवं उमा बिष्ट ने प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की एनसीसी यूनिट और एनएसएस यूनिट ने विशेष सहयोग दिया।
इस अवसर पर डॉ0 फकीर सिंह, डॉ0 हिमानी गौरव, पूजा खनी, दीक्षा, गीता, यशोधर नाथ सहित अनेक छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
