नई दिल्ली, नीलू सिंह। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम एक हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए, जबकि पांच घायल हुए हैं। यह हमला शाम करीब छह बजे नांबोल सबल लैकै इलाके में हुआ।
असम राइफल्स का वाहन इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहा था, तभी सशस्त्र हमलावरों ने घात लगाकर उनके वाहन पर हमला कर दिया। हमले में दो जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों को पुलिस और लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
वहीं मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग कस्बे में शुक्रवार को उस वक्त तनाव फैल गया, जब सुरक्षा बलों द्वारा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, 45 वर्षीय थोकचोम रोमें को गुरुवार शाम करीब सात बजे अवैध गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के विरोध में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया और टिड्डिम रोड पर यातायात को तीन घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रखा। इस दौरान सुरक्षा बलों के काफिलों की आवाजाही भी रोक दी गई। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी को मनमानी करार देते हुए थोकचोम रोमें की तत्काल रिहाई की मांग की। हालांकि, बाद में प्रशासन के साथ बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क से जाम हटा लिया, अधिकारियों ने जानकारी दी।
