हिमाचल में बस खाई में गिरने से 12 की मौत

देश राज्य राष्ट्रीय

शिमला। हिमाचल के सिरमौर में एक बस फिसल कर गहरी खाई में गिरने से 12 की मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक निजी बस गहरी खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 यात्री घायल हो गए। इनमें एक बच्ची समेत 4 की हालत नाजुक बनी हुई है। बच्ची को नाहन और तीन अन्य को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला रेफर किया गया है। यह हादसा दोपहर बाद पौने तीन बजे सिरमौर के हरिपुरधार बाजार से करीब 100 मीटर पहले हुआ। बस में जिला शिमला के कुपवी और सिरमौर हरिपुरधार क्षेत्र के लोग सवार थे। सिरमौर की डीसी प्रियंका ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसा बस के स्किड होने से लग रहा है। बस में 45 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि बस शिमला से वाया सोलन और सिरमौर होते हुए कुपवी जा रही थी। शिमला से बस सुबह 7:30 बजे रवाना हुई थी। कुपवी से 28 किलोमीटर पहले ही बस खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने बताया कि जिस जगह से बस सड़क से पलटी है, वहां कोहरा जमा हुआ था। इससे लग रहा है कि बस कोहरे से स्किड हुई हो।

Leave a Reply