वाराणसी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में नागरिक संवर्धन कार्यक्रम के तहत ‘नागरिकता की नींव’ का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने कहा कि समुदाय और समाज में सक्रिय सहभागिता से जीवन और बेहतर होता है। प्राचार्य वर्मा ने संसाधकों को हरित पौध देकर उनका स्वागत किया।
केवि संगठन वाराणसी रीजन के विभिन्न विद्यालयों के 41 सदस्यों ने बुधवार को आयोजित ‘नागरिकता की नींव’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रचार्य वर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नागरिक के रूप में सशक्त बनाना और सामुदायिक विकास में सहयोगी बनाना है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए छात्रों को प्रोत्साहित करना चाहिए है। इससे सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों के बारे में छात्रों की जागरूकता बढ़ती है और वे अपने आसपास के समाज के बारे में अधिक जागरूक होने लगते हैं। इस तरह का कार्यक्रम छात्रों में नेतृत्व, संचार, और समस्याओं का समाधान करने की क्षमता विकसित करने में भी मदद करता है, जिससे वे अपने जीवन और समुदाय को बेहतर बनाने में सक्षम हो सकें। इस दौरान विद्यार्थियों को नागरिक के रूप में सशक्त बनने, सामुदायिक विकास में सहयोगी बनने का प्रशिक्षण दिया गया। हरिओम राय, इंद्राणी मंडल, अरनव घोष समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज में सक्रिय रहने से सामाजिक चेतना का विकास होता है। ऐसे कार्यक्रमों से ही लोगों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया जा सकता है। एक साथ मिलकर काम करने, एक-दूसरे का समर्थन करने के लिए छात्रों को प्रेरित करने की जरूरत है। स्वयंसेवी गतिविधियों जैसे सफाई अभियान, वृक्षारोपण, बुजुर्गों की देखभाल आदि में सक्रिय भूमिका निभाने वाले छात्रों में कुशल नागरिक के गुण विकसित होते हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका शालिनी मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन बीएन मिश्रा ने दिया।
