कोपेनहेगन। डेनमार्क में पांच हजार साल पुराना पत्थर से बना एक तहखाना खोजा गया है। फाल्स्टर द्वीप में रेलमार्ग से जुड़ी एक परियोजना के दौरान खुदाई में इसका पता चला। रेडियोकार्बन जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट में इसकी जानकारी सामने आई है। आरहुस विश्वविद्यालय और लोलैंड-फाल्स्टर के पुरातत्व शोधार्थियों ने कहा, इसका निर्माण नवपाषाण युग के दौरान हुआ है। यह छह हजार वर्ष प्राचीन फनल बीकर सभ्यता की निशानी हो सकती है। इसका निर्माण मजबूत, बड़े और भारी पत्थरों से किया गया है। माना जा रहा है कि बीकर सभ्यता के लोग मांस को ताजा रखने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे। तापमान और आर्द्रता को बनाए रखने के लिए तहखाने को मिट्टी से ढका जाता था। इससे यह जानकारी हासिल होती है कि बीकर लोग करीब छह हजार वर्ष पूर्व पालतू जानवरों जैसे भेड़ और बकरी को पालने लगे थे। वे लोग अनाज और मांस को लंबा समय तक ताजा रखने के लिए इन तरकीबों का इस्तेमाल करते थे। एक हजार से अधिक पुरातत्वविद इस तहखाने को समझने में जुटे हुए हैं।
