In Ghaziabad

कोरियन गेम ने ले ली तीन सगी बहनों की जान

उत्तरप्रदेश लाइव दिल्ली दिल्ली लाइव राज्य समाचार लखनऊ

नई दिल्ली, नीलू सिंह।
गाजियाबाद में तीन बहनों ने कोरियन गेम की लत में नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों कोरियन संस्कृति से प्रभावित और कोरियन लव गेम की आदी थीं। कमरे से मिले सुसाइड नोट में लिखा था-‘सॉरी पापा’। कमरे की दीवार पर ‘आई एम वैरी अलोन’ भी लिखा पाया गया। फर्श पर परिवार के कुछ फोटो के बीच मोबाइल पड़ा मिला। शुरुआती जांच के मुताबिक परिजनों की ओर से गेम खेलने से रोकने और मोबाइल छीन लेने के बाद तीनों ने खुदकुशी की। दिल्ली में खजूरी के मूल निवासी चेतन कुमार भारत सिटी सोसाइटी में नौवें तल पर परिवार के साथ रहते हैं। वह शेयर और फॉरेक्स ट्रेडर हैं। उन्होंने मंगलवार रात करीब सवा दो बजे पुलिस को सूचना दी कि उनकी तीन बेटियां 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी रात दो बजे नौवें तल से कूदकर जान दे दी है। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को लोनी के जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील और एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। चेतन ने बताया कि करीब पौने दो बजे पत्नी ने उन्हें जगाया कि तीनों बेटियों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। दरवाजा पीटने पर भी जवाब नहीं मिला और इसी बीच जोरदार आवाज आई। वह दौड़कर नीचे पहुंचे तब तक तीनों मृत अवस्था में पड़ी थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पिता चेतन ने बताया कि लंबे समय तक सुजाता को संतान न होने पर उन्होंने उसकी बहन हिना से शादी कर ली थी। निशिका और प्राची समेत तीन बेटियों को हिना ने जन्म दिया। इसी बीच सुजाता ने भी पाखी और एक बेटे को जन्म दिया। चेतन के मुताबिक निशिका, प्राची और पाखी ने कोरोना काल में मोबाइल पर गेम खेलना शुरू किया था। तीनों एक ही मोबाइल से खेलती थीं। मोबाइल गेम की लत की वजह से उनका ध्यान पढ़ाई में नहीं था। इसके चलते लड़कियां फेल हो गई थीं। फेल होने पर शर्म के चलते तीन वर्ष पहले से लड़कियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। उस समय निशिका सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। पिता चेतन के मुताबिक काफी समझाने के बाद भी जब बेटियों ने मोबाइल की लत नहीं छोड़ी तो करीब 15 दिन पहले उन्होंने तीनों का मोबाइल लेकर बेच दिया था। बताया जा रहा है कि मोबाइल न होने और परिवार के अलावा किसी अन्य से सामाजिक संपर्क न होने से तीनों बहनें परेशान हो गई थीं। पिता के मुताबिक बेटियों ने लिखा, सॉरी पापा, हम गेम नहीं छोड़ सके। चेतन के फ्लैट में तीन कमरे और एक हॉल है। एक कमरे में निशिका, प्राची और पाखी दोनों मां के साथ सो रही थीं, जबकि दूसरे कमरे में चेतन बेटे और छोटी बेटी के साथ सो रहे थे। सुजाता के मुताबिक रात करीब पौने दो बजे निशिका यह कहते हुए उठी कि प्यास लग रही है। निशिका के साथ बाकी दोनों भी उठकर चली गईं। तीनों एक साथ रहती और खातीं थीं, जिसके चलते सुजाता ने ध्यान नहीं दिया। अचानक गेट बंद होने की आवाज आई तो वह उठीं। देखा तो मंदिर वाले कमरे का गेट अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने चेतन को जगाया। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने लड़कियों द्वारा कोरियन लवर गेम खेलने की बात कही है। मंझली बेटी प्राची गेम में डेथ कमांडर की भूमिका निभाती थी। वह दोनों को टास्क देती थी। बाकी दोनों टास्क पूरे किया करती थीं। मोबाइल छिनने के बाद तीनों बहनें फिलहाल सुजाता के फोन पर ही कोरियन संगीत और संस्कृति के अलावा कार्टून के वीडियो देखती थीं। तीनों बहनें खुद को कोरियन नाम से पुकारना ज्यादा पसंद करती थीं।

 

Leave a Reply